बदायूं। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में जिले में अच्छे नंबर लाने वाले 105 मेधावियों को कलक्ट्रेट में डीएम दिनेश कुमार व एसएसपी अशोक त्रिपाठी ने सम्मानित किया। कहा कि सभी बच्चे मन लगाकर पढ़ाई करें, ताकि वे अपने जिले का नाम रोशन करें। बच्चों की कामयाबी में हिस्सेदार शिक्षकों और अभिभावकों को भी माला पहनाकर सम्मानित किया गया। बच्चों ने डीएम व एसएसपी के साथ सेल्फी भी ली।
जिले में हाईस्कूल में जितिन प्रताप सिंह, निशांत शंखधार ने प्रथम स्थान, वैभव सिंह ने द्वितीय स्थान, काजल त्रिपाठी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया है, तो वहीं इंटरमीडिएट में शिवांश गुप्ता ने प्रथम, हर्ष कुमार ने द्वितीय व आयुष कुमार सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया है। इन समेत डीएम व एसएसपी ने सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले 105 मेधावियों को शुक्रवार को सम्मानित किया। दोनों अधिकारियों ने विद्यार्थियों के साथ अपने बचपन की यादें साझा कीं। डीएम ने शिक्षकों से कहा कि पढ़ाई में कमजोर बच्चों से कभी कठिन सवाल न पूछें, वह जवाब नही दे पाएंगे और उनका मनोबल टूट जाएगा। इसके स्थान पर उनसे सरल और आसान सवाल पूछें, इससे वे आसानी से उसका उत्तर दे सकेंगे और उनका मनोबल बढ़ेगा, ऐसा होने पर शिक्षक विद्यार्थियों की पीठ थपथपाकर उन्हें शाबाशी दें।
एसएसपी ने कहा कि अच्छे अंक से पास होकर जितनी खुशी एक विद्यार्थी और उसके अभिभावक को होती है, उससे ज्यादा खुशी उनके शिक्षकगणों को होती है। इसलिए बच्चे खूब मेहनत करके अपने अभिभावकों, शिक्षकों, विद्यालय, जिले का नाम देश में रोशन करें। उन्हें उम्मीद है कि एक दिन परिसर में उपस्थित सभी मेधावी विद्यार्थी जीवन में अवश्य सफल होंगे। शिक्षकों ने डीएम से वायदा किया अगले वर्ष होने वाली परीक्षाओं में जनपद के बच्चे प्रदेश में नाम रोशन करेंगे।