बदायूं। नियमित करने समेत कई मांगों को लेकर सीएमओ कार्यालय पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा कर्मियों द्वारा किया जा रहा बेमियादी धरना-प्रदर्शन बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों ने सरकार की सद्बुद्धि को शुद्धि हवन कराया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरनास्थल पर वक्ताओं ने कहा कि सरकार द्वारा एक दशक से अधिक समय से संविदा कर्मियों का शोषण किया जा रहा है। इसे अब नहीं सहेंगे। इस बार सरकार से आर पार की लड़ाई है। वक्ताओं ने कहा कि यदि शीघ्र की उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो वे प्रसव केंद्रों पर कार्यरत समस्त स्टाफ इमरजेंसी सेवाएं बंद करने को मजबूर होंगे। पीएमएस एसोसिएशन ने भी अपना समर्थन दिया। कहा यदि संविदा कर्मियों की मांगों को नहीं माना तो वे भी हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे। इस मौके पर नाजिम सईद, डॉ.अरविंद धवल, डॉ.दिनकर,केबी चतुर्वेदी, नवाब मियां, ऊषा शर्मा, उदयप्रताप, सर्वेश कुमार आदि थे। ब्यूरो