बदायूं। शनिवार को बादलों और सूरज के बीच दिन भर आंखमिचौली का खेल चलता रहा। दोपहर को कुछ देर के लिए हल्की धूप खिलने से थोड़ी राहत मिली, लेकिन वह भी खुलकर नही निकली। कभी बादल छाए तो कभी धूप ने दर्शन दिए। दिन ढलने के साथ ही आसमान को फिर से बादलों ने अपने आगोश में ले लिया। शाम होते-होते शीतलहर का अहसास होने लगा।
पिछले दिनों लगातार खिल रही धूप से ठंड का असर कम होता दिखाई दे रहा था। लोग भी ठंड कम होने का अनुमान लगाए बैठे थे, लेकिन कुछ दिनों से मौसम गड़बड़ाया हुआ चल रहा है। शनिवार को मौसम ने एक बार फिर करवट ली। सुबह से ही आसमान में कोहरा छाया रहा। पूर्वाह्न 11 बजे के करीब सूर्य के दर्शन हुए, लेकिन थोड़ी देर में वह भी बादलों के आगोश में चले गए। यही सिलसिला दिन भर चलता रहा। इससे लोगों को ठंड का अहसास बढ़ गया। इधर दिन भर चली रही हवा ने ठंड का असर और बढ़ा दिया। शाम होते ही सर्द हवा का मानो कहर टूट पड़ा। ठंड होने की वजह से स्कूलों में बच्चों की संख्या औसत के मुकाबले कम दिखाई दी। दिन भर चली हवा की वजह से लोगों को काफी परेशानी हुई। इस वजह से बाजार में अन्य दिनों के अपेक्षा रौनक कम दिखाई दी। दुुकानदारों के चेहरे पर थोड़ी से निराशा रही।