दूसरे दिन भी नहीं पहुंचे कई परीक्षक
यूपी बोर्ड: जारी रहा अंधेरे में उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन
बदायूं। यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन रविवार को भी अंधेरे में हुआ। कमरों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से परीक्षकों को कापी चेक करने में दिक्कत आई। वहीं दूसरे दिन भी चार सौ से अधिक परीक्षक गैरहाजिर रहे।
राजकीय इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट और श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज और हाफिज सिद्दीकी इस्लामियां इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। सुबह दस बजे से कापियों का मूल्याकन कार्य शुरू हुआ लेकिन कक्षों में रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की वजह से परीक्षक खिड़की, दरवाजे खोलकर कॉपी चेक करते नजर आए। हालात यह थे कि कई कक्षों में परीक्षकों ने अपनी कुर्सी मेज को खिड़की, दरवाजों के पास में रख लिया था। रविवार को तीनों केंद्रों पर लगभग चार सौ से अधिक परीक्षक नदारद रहे। तीन कॉलेजों में करीब साढे 23 हजार कापी चेक की गईं।
----
चतुर्थ श्रेेणी कर्मचारी की खल रही कमी
जीआईसी में यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिका चेक करने के बाद कापी जमा करने के बावत कुछ शिक्षकों ने अपत्ति जताई, शिक्षकों का कहना था कि कापियां उठाकर लाने ले जाने का काम उनका नहीं है, कॉलेज प्रबंधन को इसका इंतजाम करना चाहिए।
---
केंद्रों पर बजते रहे सेलफोन
सचिव ने निर्देश दिए हैं उत्तरपुस्तिका जांचने में जिन शिक्षकों की तैनाती की गई वह अपने साथ में मोबाइल फोन नहीं लाएंगे। अगर लाएं तो उन्हें जमा करा दें लेकिन तीनों सेंटरों पर अधिकतर शिक्षक अपने साथ में मोबाइल फोन लाए थे। कई शिक्षक मोबाइल पर व्यस्त दिखे।