एटीएम से निकला दो
हजार का नकली नोट
ग्राहक के शिकायत करने पर भी नहीं सुनी बैंक वालों ने
कहा-उन्हें नहीं पता कहां से लाए हो यह नोट
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। जोगीपुरा स्थित स्टेट बैंक के एटीएम से एक ग्राहक के बीस हजार रुपये निकालने पर उसमें एक नकली दो हजार का नकली नोट निकला। ग्राहक के बताने पर बैंक अधिकारियों ने एटीएम से नकली नोट निकलने के बारे में साफ इंकार कर दिया।
वाटर वर्क्स सिविल लाइन निवासी हरीश चंद्र शर्मा की बेटी स्निग्धा ने गुरुवार की दोपहर करीब 2.30 बजे अपने मम्मी शीला शर्मा के खाते से एटीएम के जरिए 20 हजार रुपये निकाले थे। घर पहुंचने पर देखा कि उसमें एक नोट नकली है तो वह तुरंत ही बैंक पहुंचे। शाखा प्रबंधक को पूरे मामले से अवगत कराया। शाखा प्रबंधक ने हरीश चंद्र शर्मा की बात को सुनते हुए संबंधित अधिकारी के पास भेज दिया। करीब घंटे बाद उस अधिकारी ने कहा कि एटीएम से नकली नोट नहीं निकल सकता। लिहाजा, उन्हें नहीं पता कि यह नोट कहां से आया है। परेशान होकर वहघर चले आए।
बैंक प्रबंधक मनोज कुमार वर्मा का कहना है कि ग्राहक नोट निकालने के बाद घर गया था। यदि वह तुरंत ही बताते तो पूरे मामले की बारीकी से जांच की जाती। एटीएम मशीन में रुपये डालने से पहले पूरी जांच पड़ताल होती है। लिहाजा, एटीएम से नकली नोट निकलने का सवाल नहीं उठता।