फोटो-51 से 53 तक
नहीं निकले प्रेमी, छिपकर ही किया इजहारे मोहब्बत
वेलेंटाइन डे पर बजरंगियों के ऊपर भी रही पुलिस की नजर
कुछ जोड़े निकले भी तो बचते-बचाते, बाद में बदल दिए रास्ते
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। वेलेंटाइन डे पर प्रेमियों के खुल्लमखुल्ला प्यार का सपना फिर सपना ही रह गया। बुधवार को पुलिस अलर्ट रही। पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस का पहरा रहा। एंटी रोमियो टीम भी चौकस रही। वहीं हिंदूवादी संगठनों के डर से युवाओं ने चोरी छिपे या सोशल साइट्स पर ही एकदूसरे से प्यार का इजहार किया।
वेलेंटाइन डे पर जहां प्रेमियों ने मुलाकात और गिफ्ट आदान प्रदान का मन बनाया था। वहीं, बजरंग दल समेत कई हिंदूवादी संगठनों ने प्रेमियों के विरोध का मन बना लिया था। बजरंग दल ने तो बाकायदा विरोध की घोषणा की थी। जिला संयोजक उज्ज्वल गुप्ता ने कहा था कि सभी होटलों और सार्वजनिक स्थानों पर कार्यकर्ता नियुक्त किए जाएंगे जो अश्लील गतिविधियों पर नजर रखेंगे। इसके बावजूद लोग नहीं मानेंगे तो उन्हें समझाया जाएगा कि यह भारतीय संस्कृति के विरुद्ध है। कोई नहीं मानेगा तो पुलिस की मदद लेंगे। वहीं, इस मामले में पुलिस प्रशासन का रुख भी सख्त था। एसपी सिटी ने कहा था कि कोई किसी को जबरन परेशान करेगा तो पुलिस उस पर कार्रवाई करेगी। विरोध के नाम पर बवाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बुधवार को शहर के अधिकतर होटल ढाबे सूने पड़े थे। आम दिनों के मुकाबले भी लोग यहां नहीं जुटे। खासकर युवक और युवतियों का तो अभाव था। एकाध जोड़े शहर में सड़कों पर घूमते दिखे भी तो लोगों की नजर भांपकर साइड हो गए और बाद में रास्ते बदल लिए। पुलिस शहर में हर कोने पर तैनात रही। हर चौराहा और नुक्कड़ पर पुलिस दिखी। छुट्टी की वजह से कॉलेजों में सुनसान रही, हालांकि यहां भी पुलिस का पहरा रहा।
000000000000000
फोटो: 18
महिला अस्पताल में मातृ-पितृ दिवस मनाया
बदायूं। युवा मंच संगठन के कार्यकर्ताओं ने वेलेंटाइन डे को मातृ-पितृ दिवस के रूप में महिला अस्पताल जाकर मनाया। महिला विंग संगठन की जिलाध्यक्ष सोनाक्षी सक्सेना ने कहा कि वेलेंटाइन डे की प्रथा का हम विरोध करते है। शपथ लेते है कि इस दिन को हम आगे भी मातृ पितृ दिवस के रूप में मनाएंगे। गुलाब का फूल भेंटकर महिला अस्पताल के डॉक्टर्स को संगठन ने सेवा का संदेश दिया। जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र मिश्रा ने कहा कि संगठन तीन वर्षों से इस दिवस को मनाता आ रहा है। इस मौके पर ध्रुवदेव गुप्ता, आशा गुप्ता, अनुपम सक्सेना, रुबी गुप्ता, मंजू रानी मौजूद रहे।