दबतोरी (बदायूं)। लोकसभा चुनाव की तैयारी में प्रशासन जुटा हुआ है। फर्जी मतदान रोकने को प्रशासन बारीकी से जांच कर रहा है। प्रशासन पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने को अभियान भी चला रहा है। इधर मतदाता सूचियों के फोटो का मिलान सॉफ्टवेयर के जरिए कराया गया तो बिसौली तहसील क्षेत्र कई मतदाताओं के फोटो मिलान में गड़बड़ी मिली। एसडीएम बिसौली ने कई लोगों के नाम सूची से हटवा दिए हैं।
एसडीएम बिसौली मोहम्मद अवेश के मुताबिक तहसील क्षेत्र में वर्तमान में तीन लाख 89 हजार मतदाता हैं, जो हर चुनाव में अपने मत का प्रयोग करते आ रहे हैं। चुनाव आयोग ने मतदाता सूचियों की एक सॉफ्टवेयर के जरिये पड़ताल कराई, तब खुलासा हुआ कि बिसौली क्षेत्र के कई मतदाताओं के फोटो में अंतर है। कई लोगों के अन्य जनपदों और राज्यों में भी वोट बने पाए गए। एसडीएम ने बताया कि ऐसे लोगों को चिह्नित करके उनके नाम मतदाता सूची से संशोधन कराकर हटा दिए गए हैं ।