फोटो-24 से 27
होर्डिंग्स-खोखे हटाने तक सीमित रहा अतिक्रमण हटाओ अभियान
एक बजे तक इकट्ठे नहीं हो सके टीम में शामिल कर्मचारी, टीम के जाते ही पहले की तरह सड़क पर दोबारा सज गईं दुकानें
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। अतिक्रमण से शहर भले बदसूरत लगे, लेकिन नगर पालिका प्रशासन अतिक्रमण इसको लेकर गंभीर नहीं है। पिछले एक साल में कई बार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने का एलान किया गया। खानापूर्ति के लिए एक-दो दिन टेलीफोन के कुछ खंभे और होर्डिंग-बैनर हटाकर अभियान बंद कर दिया गया। कारोबारियों पर दबाव बनाने के लिए अतिक्रमण करके बनाई गई दुकानों पर लाल निशान भी लगाए गए थे, लेकिन नाले या सड़क पर बनी दीवारें अब तक नहीं हटीं। डीएम दिनेश कुमार सिंह के निर्देश पर नगर पालिका ने सोमवार 10 दिसंबर से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया। दो दिनों में होर्डिंग-खोखे हटाकर खानापूर्ति के अलावा कुछ नहीं किया गया। मंगलवार दोपहर कथित अतिक्रमण हटाओ अभियान लावेला चौक से रोडवेज चौराहे होकर पुलिस लाइन चौराहे तक चलाया गया।
लावेला चौक से पुलिस लाइन चौराहा तक शहर का सबसे व्यस्ततम क्षेत्र है। इस रोड पर रोडवेज और प्राइवेट बस स्टैंड और बदायूं क्लब है। इसके अलावा रोडवेज चौराहे पर कथित टैक्सी स्टैंड भी है। इस रोड पर दुकानदारों ने अपनी दुकानें सड़क पर बढ़ाने के लिए मुख्य नाला बंद करके दूसरी नाली बना ली है। इस नाली के आगे भी सामान फैला रहता है। इसके अलावा सड़क पर ठेले खड़े होते हैं। रोडवेज चौराहे पर डग्गामार बसें खड़ी होती है। इससे रोड पर लगभग पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। मंगलवार को नगर पालिका की गाड़ी पहुंची तो कुछ देर के लिए सड़क साफसुथरी नजर आई, लेकिन इसके बाद अतिक्रमण की स्थिति दोबारा पहले की तरह हो गई।
अतिक्रमण की वजह से शहर में लगने वाले जाम से लोग बेेहाल हैं। अतिक्रमण ने शहर की रंगत बिगाड़ दी है। व्यापारी जहां तक चाहते हैं सड़क पर सामान फैलाकर कब्जा किए रहते हैं। आलम यह है कि शहर के मुख्य बाजारों को जाने वाली चौड़ी सड़कें दिन में गालियां नजर आती हैं। डीएम के फटकार लगाने पर नगर पालिका ने अतिक्रमण हटाने को चार्ट बनाया है। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे नगर पालिका की टीम लावेला चौक पहुंची। एक बजे तक टीम सभी सदस्य एकत्र नहीं हो पाए, जिससे एक घंटे तक जेसीबी लावेला चौक पर खड़ी रही। टीम प्रभारी लवी सिंह के पहुंचने पर करीब दो बजे अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू हुआ। इस बीच जेसीबी को देखकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों ने कुछ देर के लिए खुद अपना सामान सड़क से हटा लिया। चर्चा यह रही कि टीम ने खुद सामान हटाने का मौका दुकानदारों को दिया। नगर पालिका की टीम बैनर, होर्डिंग्स हटाते हुए आगे बढ़ गई। करीब एक घंटे खानापूर्ति करने के बाद पालिका की टीम जेसीबी लेकर लौट गई। टीम के जाते ही दुकानदारों ने अपना सामान फिर सड़क पर फैला लिया।