लापता बच्चे का शव तालाब में पड़ा मिला
दातागंज (बदायूं)। दो दिन पहले भोजपुर गांव से लापता हुए दो वर्षीय बालक का शव मंगलवार दोपहर पास के तालाब में पड़ा मिला। लाश देखकर परिवार वालों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बालक की डूबने से मौत बताई गई है।
ग्राम भोजपुर निवासी अजयवीर का दो वर्षीय बेटा अनमोल रविवार सुबह करीब नौ बजे अपने घर के बाहर खेल रहा था। बाद में संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। उसके साथ खेल रहे बच्चे भी अनमोल के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पाए थे। परिवार वालों ने उसी समय से बालक की खोजबीन शुरू कर दी थी। परिजनों के मुताबिक सोमवार को उन्होंने घर के सामने स्थित तालाब और जंगल में बालक को तलाश किया परंतु उसका कुछ पता नहीं चल सका। इधर, बालक के लापता होने के बाद कोतवाली पुलिस और एसओजी ने तलाश शुरू कर दी थी। मंगलवार को बरेली से डॉग स्क्वॉयड भी बुलाया गया था। दूसरी ओर पुलिस ने फायर ब्रिगेड को बुलाकर तालाब को खाली कराने का काम शुरू कर दिया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तालाब छोटा था। दोपहर तक उसका पानी खत्म निकाल दिया गया। नीचे बालक अनमोल का शव बरामद हो गया। उसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दौरान गांव में एसपी सिटी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, सीओ दातागंज एसके सिंह और इंस्पेक्टर अमृतलाल मौजूद थे।
मंगलवार दोपहर के बाद बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अनमोल की पानी में डूबने से मौत बताई गई है। अभी परिवार वालों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। इसके बावजूद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद अनमोल के शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
वर्जन--
बच्चे की लाश तालाब से बरामद हुई है। उसके लापता होने के बाद से ही सारे तथ्यों पर जांच शुरू कर दी गई थी। उसके परिवार वालों की किसी से दुश्मनी नहीं थी। इसके लिए कई टीमें लगाई गई थीं। बच्चा तालाब में गिर गया था, जिससे उसकी मौत हो गई।
-डॉ. सुरेंद्र प्रताप सिंह, एसपी देहात