अलापुर (बदायूं) । यहां स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में गुरुवार को आयोजित द्वितीय दीक्षांत समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह उर्फ बब्बू रहे।
दीक्षांत समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। द्वितीय वर्ष की छात्राओं ने मां सरस्वती की वंदना प्रस्तुत की। तत्पश्चात प्रधानाचार्य एके सक्सेना ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर स्वागत किया। छात्राओं ने स्वागत गीत एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
प्रधानाचार्य ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। कहा कि संस्थान में बेहतर शिक्षण कार्य होने की वजह से यहां पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं ने पॉलीटेक्निक का नाम रोशन किया है। निश्चित तौर पर यह बच्चे आगे चलकर अपने क्षेत्र और जिले का नाम रोशन करेंगे। बोले-जीवन में मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती है। जब कोई भी व्यक्ति पूर्ण मनोयोग से अपने क्षेत्र में काम करता है तो उसने जो लक्ष्य बनाया है उसे हासिल कर सकता है।
मुख्य अतिथि ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार बेरोजगारों को लगातार रोजगार उपलब्ध करा रही है।
इस बीच मुख्य अतिथि राजीव कुमार सिंह और जिला महामंत्री शारदाकान्त शर्मा ने अंतिम वर्ष के मेधावी छात्र नितिन कुमार, कुमारी प्रगति चौहान सिविल इंजीनियर , प्रीति कुमारी, पिन्टू प्रजापति मैक्निकल इंजीनियर, पवन मौर्य कुमारी रचना मिश्र को इलेक्ट्रिकल में सर्वोच्च अंक पाने पर स्मृति चिह्न और डिप्लोमा देकर सम्मानित किया। इनके अलावा समारोह में कुल 169 छात्र -छात्राओं को सम्मानित किया गया।
समारोह में रंजन, विजय सिंह, राजेश, अलापुर के अधिशासी अभियंता विनय कुमार अवस्थी, एसओ राजीव कुमार शर्मा, आर एस गुर्जर प्रधानाचार्य सहसवान, मुकेश कुमार, प्रतीक गुप्ता आदि थे।