फोटो---9, 10
लखनऊ की टीम बुखार के हर
मरीज का ले रही ब्लड सैंपल
जांच में दो दर्जन फैल्सीपेरम मलेरिया के मरीज निकले
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। लखनऊ से आए संयुक्त निदेशक और एडी हेल्थ की टीम ने जिले में फैले बुखार को कंट्रोल करने के लिए नए सिरे से काम करना शुरू कर दिया है। ये टीमें बुखार पीड़ित हर मरीज का ब्लड लेकर जांच करा रही हैं। इन टीमों ने अब तक लिए ब्लड सैंपल की जांच कराने पर करीब दो दर्जन लोग फैल्सीपेरम मलेरिया से पीड़ित पाए गए।
संयुक्त निदेशक डॉ. अनिल कुमार वर्मा टीम के साथ दूसरे दिन मंगलवार सुबह दातागंज ब्लाक के ग्राम सलेमपुर पहुंचे। जहां उनकी टीम ने यहां कुल 167 मरीजों को चेक किया। 10 स्लाइड बनाईं और 10 मरीजों की किट से ब्लड जांच की गई। इसी ब्लाक के ग्राम अटसेना में 166 मरीजों को चेकअप हुआ। 14 स्लाइड बनाई गईं और 10 लोगों की किट से जांच हुई। वहीं ग्राम आनंदापुर में 80 मरीजों का चेकअप किया गया। आठ स्लाइड बनाई गईं और पांच लोगों की किट से जांच हुई। इसके अलावा संयुक्त निदेशक की टीमों ने ग्राम किसनी, उरैना, सहोरा गौटिया, बिहारीपुर हेमराज, छछऊ, बीरमपुर आदि गांव में भी बुखार पीड़ितों का चेकअप किया और उनके ब्लड की जांच की। संयुक्त निदेशक ने बताया कि हमारी टीमें लगातार बुखार पीड़ित गांव में जाकर लोगों का चेकअप कर रहीं हैं। बुखार कंट्रोल करने के लिए अभी समय लगेगा। अनुमान है कि चार-पांच दिन में मृत्युदर काफी कम हो जाएगी। इसके पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र भ्रमण के बाद शाम को रोजाना मीटिंग हो रही है, जिससे अगले दिन किस इलाके में जाना है और नया क्या करना है, जिससे बुखार कंट्रोल हो सके। इसकी प्लानिंग हो रही है। इस दौरान क्षेत्र में भ्रमण करने वाली टीमों में एडी हेल्थ डॉ. विकास सिंघल, वरिष्ठ मलेरिया अधिकारी लखनऊ डॉ. रामकेत यादव, डॉ. अभिषेक मिश्रा, डॉ. मानवेंद्र त्रिपाठी और शैलेंद्र मिश्रा आदि मौजूद रहे।
मूसाझाग। डॉ. कमर इकबाल के नेतृत्व में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम महोरा गांव पहुंची। यहां 113 बुखार पीड़ितों का चेकअप किया गया। 49 लोगों के ब्लड की स्लाइड बनाई गई, जिसमें 17 मरीजों में फैल्सीपेरम की पुष्टि बताई गई है। वहीं मर्रई गांव में फैल्सीपेरम के चार और लखनपुर गांव में पांच केस निकले हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने सभी मरीजों का चेकअप कर दवा वितरित की है।