बदायूं। सोमवार सुबह शहर से उझानी की ओर निकले टेंपो को आगरा रोड पर छतुइया पुलिया के पास सामने से आ रहे ट्रक ने साइड मार दी। इससे टेंपो अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। इससे कोहराम मच गया। गनीमत रही कि चालक समेत मुसाफिरों की जान बच गई। सात लोगों को हल्की चोटें आईं। इन्हें अस्पताल से घर भेज दिया गया।
उझानी निवासी संजीव सोमवार सुबह नौ बजे अपना टेंपो लेकर शहर से उझानी को निकला था। टेंपो में सात लोग सवार थे। छतुईया पुल के पास उनके टेंपो को सामने से आ रहे ट्रक ने साइड मार दी। ट्रक तो निकल गया पर टेंपो अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। इससे टेंपो सवार लोगों में कोहराम मच गया। वह झटके से एकदूसरे के ऊपर गिरे और टेंपो से निकलकर भागने लगे। राहगीरों ने भी उन्हें सड़क पर लाने में मदद की। किसी ने सूचना दी तो सिविल लाइंस पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। घायलों में कुंवरगांव थाने के गांव चकोलर निवासी महीपाल (50), इंद्रवती (45), पार्वती और सोमवती, उझानी के धौरेला निवासी नन्हे (40) और शेखूपुर के मुकेश और तारिक शामिल थे। इन्हें तत्काल ही एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से अधिकतर लोग अपनी मरहमपट्टी कराकर घर चले गए। टेंपो चालक ने अज्ञात ट्रक मालिक के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त टेंपो को कब्जे में ले लिया है।
--------------
हाईवे पर संकरी पुलिया बनी जानलेवा
बदायूं से दिल्ली और आगरा जाने वाले हाईवे पर शहर से दो किमी दूर बालाजी मंदिर के पास छतुइया पुलिया है। एक ओर जहां हाईवे काफी चौड़ा है, वहीं यह पुलिया पुराने जमाने की ही बनी हुई है। इस पर आमने सामने दो वाहन सटकर ही निकल पाते हैं। पुलिया के आगे तीव्र मोड़ भी है। ऐसे में नए चालक अक्सर पुलिया के पास सामने से वाहन आते ही अपने वाहन से नियंत्रण खो बैठते हैं और हादसे का शिकार हो जाते हैं। पहले भी यहां कई सड़क हादसे हो चुके हैं जिनमें लोगों की जान भी गई है। अधिकतर हादसे कोहरे के दिनों में होते हैं।