बदायूं। बुधवार को कलक्ट्रेट में जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में चुनाव से संबंधित सभी प्रभारी अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें नामांकन, यातायात, निर्वाचन व्यय, निर्वाचन के प्रपत्रों/ लेखन सामग्री, वीडियोग्राफी, स्ट्रांग रूम, मतगणना समेत अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई, साथ ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
डीईओ ने सभी टीम प्रभारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में सौंपे गए कार्यों को पूर्ण ईमानदारी, निष्पक्षता, सुव्यवस्थित तरीके और समय से पूरा करें। किसी के दवाब में कोई ऐसा कार्य न करें, जिससे उनके ऊपर किसी प्रकार का प्रश्नचिह्न लगे। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान राजनीतिक दलों/प्रत्याशियों की ओर से टीवी चैनल, केबल टीवी, नेटवर्क रेडियो व अन्य इलेक्ट्रॉनिक चैनल से प्रसारित होने वाले विज्ञापनों / पेड न्यूज / समाचार की निगरानी आचार संहिता लगने के बाद बराबर की जाएगी और उसका खर्च प्रत्याशी / पार्टी के खर्चों में जोड़ दिया जाएगा। उन्होंने लेखा टीम, सहायक व्यय प्रेक्षक सहित विभिन्न जानकारियां लेते हुए सभी से अपेक्षा की कि चुनाव के लिए सभी टीम प्रभारी निष्पक्ष ढंग से कार्य करें। इस मौके पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, सीडीओ निशा अनंत, एसपी सिटी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एडीएम प्रशासन रामनिवास शर्मा मौजूद रहे।