उझानी (बदायूं)। विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की मेजबानी में माध्यमिक कॉलेजों की मंडलीय कुश्ती प्रतियोगिता में मेजबान कॉलेज के पहलवानों ने अपने जौहर से मनमोह लिया। मेजबान कॉलेज के सरनदीप को बालक और बालिका वर्ग में बरेली की सपना को चैंपियन घोषित किया गया। डीआईओएस राममूरत ने विजेता पहलवानों को प्रमाणपत्र देकर पुरस्कृत किया।
मंडलीय कुश्ती प्रतियोगिता का आगाज डीआईओएस राममूरत ने पहलवानों के आपस में हाथ मिला कर कराया। इससे पहले डॉ. मनदीप सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित किया। बदायूं की ओर से अमर ने बरेली के संजय, धर्मेंद्र ने शाहजहांपुर के उमेश, पीलीभीत के आफताव ने शाहजहांपुर के नारद, यशपाल ने बरेली के गौरव और बरेली के फुरकान ने शाहजहांपुर के सचिन को पटकनी दी। इसके अलावा भी कई मुकाबले हुए जिसमें भी बदायूं जिले के कॉलेजों के पहलवानों ने बढ़त कायम रखी।
मेजबान विद्या मंदिर कॉलेज के सरनदीप ने बदायूं की ओर से पैंतरा दिखाते हुए बरेली के देवेश कश्यप को पछ़ाड दिया। बालिका वर्ग में बदायूं की मुस्कान को बरेली की सपना ने हराया। सपना और सरनदीप को चैंपियन घोषित किया गया। डीआईओएस ने विजेता पहलवानों को पुरस्कृत किया। मेजबान कॉलेज के प्रधानाचार्य अतरसिंह यादव ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए। रेफरी की भूमिका सुनील मिश्रा, रामनरेश, राजीव, त्रिवेंद्र सिंह, रोहित और सुदीप कुमार ने निभाई। इस मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख कृष्णपाल यादव, डीएस त्यागी, राहुल शंखधार, किशनचंद्र शर्मा, शैलेंद्र सिंह, एसपी सिंह, राममोहन शर्मा और गोपाल शर्मा मौजूद थे।