मुख्यमंत्री तक पहुंचा गेहूं
खरीद घोटाले का मामला
दातागंज विधायक ने पत्र लिखकर की जल्द खुलासे की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
दातागंज (बदायूं)। डेढ़ करोड़ के गेहूं खरीद घोटाले के मामले में दातागंज के भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह उर्फ बब्बू भइया ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा है कि ऐसे घोटालेबाजों के खिलाफ जल्द से जल्द कार्रवाई हो और इस मामले का पर्दाफाश भी हो, जिससे दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।
दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि कस्बे की मंडी में डेढ़ करोड़ का घोटाला हो गया और अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इस मामले में जिस सफेदपोश नेता का नाम आ रहा है। पुलिस जल्द से जल्द इसका खुलासा करे, जिससे पता चल सके कि आखिर घोटालेबाजों का साथ कौन दे रहा है। इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, इस घोटाले में चार लोगों के अलावा और कौन-कौन शामिल है। कोई अधिकारी इसमें शामिल था या नहीं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। इसके साथ ही इन घोटालेबाजों से रिकवरी की जाए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। जिसमें डेढ़ करोड़ के घोटाले का जिक्र किया गया है। जिससे इसकी जानकारी मुख्यमंत्री को हो और उनके स्तर से आगे की कार्रवाई हो सके।
----
मुख्य सचिव ने एसएसपी से मांगी रिपोर्ट
दातागंज विधायक के पत्र पर मुख्यमंत्री के मुख्य सचिव मृतुंजय कुमार ने सीधे एसएसपी अशोक कुमार से घोटाले के संबंध में जांच रिपोर्ट मांगी है। सचिव से पूछा है कि इस घोटाले में कौन-कौन शामिल रहे और क्या कार्रवाई हुई। इसकी पूरी रिपोर्ट मांगी है।