आधी आबादी को साथ लिए बिना देश को महान नहीं बनाया जा सकता। देश में भाजपा की सरकार बनने पर महिलाओं को 33 फीसदी का आरक्षण दिया जाएगा।
शनिवार को भाजपा महिला मोर्चा की पहली राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक का उद्घाटन करते हुए भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने यह ऐलान किया।
मेरठ रोड स्थित आरकेजीआईटी कालेज के सभागार में आयोजित कार्यकारिणी को राजनाथ बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि देश में सांस्कृतिक पुनर्जागरण की जरूरत है। वर्तमान कांग्रेस सरकार और खुद प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार और घोटालों में आरोपित हैं।
कांग्रेस सरकार के राज में प्रतिदिन महंगाई बढ़ रही है। लोग अटल बिहारी बाजपेयी की सरकार के दिनों को याद करते हैं। देश में भाजपा ही बेहतर सरकार का विकल्प दे सकती है।
इस काम में महिलाओं का योगदान बेहद महत्वपूर्ण होगा। गुजरात, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, गोवा की भाजपा सरकारों की चर्चा आज देश में नहीं, बल्कि विदेशों तक में हो रही है।
उन्होंने आह्वान किया कि भाजपा की खूबियों को महिला कार्यकर्ता सामाजिक कार्यों के जरिए महिलाओं तक पहुंचाएं। पोलिंग बूथ कमेटी के गठन पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
इससे पूर्व महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सरोज पांडे के नेतृत्व में वंदे मातरम व दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यसमिति का शुभारंभ हुआ।
उत्तराखंड की त्रासदी में मारे गए लोगों और सैनिकों के प्रति श्रद्धांजलि के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
सरोज पांडे ने कहा कि यह सबको पता है कि केंद्र की सत्ता का रास्ता उप्र से होकर जाता है। महिला मोर्चे की पहली बैठक उप्र में होना सौभाग्य की बात है।
मोर्चा पूरी ताकत के साथ लोकसभा चुनाव में उतरेगा और पार्टी के लक्ष्य को पूरा करेगा।
मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष कमलावती सिंह ने लोकसभा चुनावों को चुनौती के रूप में स्वीकारने की सलाह दी।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में देश भर से आईं महिला प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
त्रासदी पर राजनीति ठीक नहीं
भाजपा अध्यक्ष ने उत्तराखंड त्रासदी पर राजनीति न करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यह विषय राजनीति करने का नहीं है।
भाजपा ने शहीद जवानों को पांच-पांच लाख रुपये देने की घोषणा की है। साथ ही प्रत्येक कार्यकर्ता को जितनी संभव हो मदद करने का निर्देश दिया गया है।