रंजिश में युवक को गोली मारी
नूरपुर(बिजनौर)। शुक्रवार रात पुरानी रंजिश के चलते कार सवार लोगों ने दौलतपुर पुलिस चौकी के पास एक बाइक सवार को गोली मार दी। गोली लगने से घायल हुए व्यक्ति को मुरादाबाद हायर सेंटर में भर्ती कराया गया है।
संभल जनपद के थाना असमौली के गांव सलेमपुर सलार उर्फ हाजीपुर निवासी रुखसाद शुक्रवार की रात बाइक द्वारा अपनी बहन के घर ग्राम रवाना जा रहा था। जैसे ही वह दौलतपुर पुलिस चौकी के पास स्थित गांव रहटा बिल्लोच पहुंचा तो पीछे से बोलेरो कार में सवार युवकों ने ओवरटेक कर उसकी बाइक रोक ली। गाली गलौज करते हुए उसे गोली मार दी। गोली उसके कूल्हे में लगी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फायर की आवाज सुनकर ग्रामीणों को आता देखकर हमलावर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया। यहां से परिजन उसे मुरादाबाद हायर सेंटर ले गए। इस संबंध में रुखसाद की तहरीर पर पुलिस ने उसी के गांव के तीन सगे भाई रिहान, जीशान, जुबैद व अमरोहा के थाना डिडौली के गांव दीपपुर निवासी उवैश के विरुद्ध जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पांचाल ने बताया कि रुखसाद की हमलावरों से पुरानी रंजिश चल रही है। हमलावरों की तलाश की जा रही है।