सड़क हादसे में युवक की मौत, मां-बेटी घायल
शिवाला कलां (बिजनौर)। रिश्तेदारी में जन्मदिन में शामिल होकर लौट रहे युवक की बाइक किसी वाहन से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसकी मां और बहन गंभीर रूप से घायल हुई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
शनिवार रात करीब 11 बजे थाना नूरपुर गांव पीपला जहांगीर निवासी अवनेष कुमार (27) अमरोहा में रिश्तेदारी से जन्मदिन में शामिल होने के बाद बाइक से घर आ रहा था। बाइक पर अवनेष कुमार की मां और बहन भी सवार थी। नूरपुर-अमरोहा मार्ग पर गांव फीना के पास पेट्रोल पंप के सामने पहुंचते ही उनकी बाइक किसी वाहन की चपेट में आ गई। हादसे में अवनेष कुमार की घटनास्थल पर मौत हो गई। माता अनीता देवी व बहन अन्नू गंभीर घायल हो गईं। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर गांव में परिजनों को सूचना दी। बताया गया है कि अवनेष की शादी तीन माह पूर्व हुई थी। मृतक की पत्नी का रो रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों को उपचार के लिए नूरपुर स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पुलिस ने मृतक के पिता राजेश कुमार की तहरीर पर कार्रवाई शुरू कर दी है।