सड़क हादसे में युवक घायल
मंडावर। बाइक से बाजार जा रहे दो युवकों की बाइक एक अन्य बाइक से टकरा गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
थाना क्षेत्र के गांव बादशाहपुर निवासी 28 वर्षीय रूपचंद एक अन्य युवक को साथ लेकर बाइक से सब्जी खरीदने के लिए गांव दयालवाला जा रहा था। रूपचंद के अनुसार वह बादशाहपुर-दयावाला मार्ग के बीच लघुशंका के लिए सड़क किनारे रुक गया। लघुशंका के बाद जैसी ही बाइक से आगे बढ़ा तो सामने से विपरीत दिशा में आ रहे बाइक सवार ने उसकी गाड़ी में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दयालवाला से सब्जी खरीदकर लौट रही उसकी मौसेरी बहन ने उसे सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा देखा तो उसने इसकी सूचना 108 एंबुलेंस और पीड़ित के परिजनों को दी। परिजनों ने एंबुलेंस की सहायता से घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। युवक के दाहिने पैर की हड्डी टूट गई। सिर और चेहरे पर भी गंभीर चोट आई है, जबकि दूसरा युवक ठीक है। बाइक सवार दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। परिजनों का आरोप है कि पड़ोस के गांव राजारामपुर निवासी नफीस का नाबालिग पुत्र बाइक चला रहा था और नफीस उसके पीछे बैठा था। हादसे के बाद दोनों पिता-पुत्र बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो थे।