नजीबाबाद की कोटद्वार सीमा के निकट मिले युवक के शव को जांच करती मंडावली पुलिस।
- फोटो : NAZIBABAD
युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
नजीबाबाद/मंडावली (बिजनौर)। घूमने के लिए अपने दो साथियों के साथ मंडावली क्षेत्र के जंगल में आए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
झंडी चौड़ कोटद्वार(उत्तराखंड) निवासी नयन सिंह का 18 वर्षीय पुत्र संदीप पंवार कोटद्वार की जसोदरपुर स्टील प्लांट में काम करता था। संदीप प्लांट में ही काम करने वाले अपने दो साथियों कोटद्वार निवासी 50 वर्षीय हरपाल सिंह और 55 वर्षीय राजेंद्र सिंह के साथ घूमने के लिए कोटद्वार सीमा से लगे नजीबाबाद तहसील के मंडावली क्षेत्र के जंगल में मंगलवार की दोपहर आया था। रात में अचानक जंगल में उसकी तबियत बिगड़ गई। उसके दोनों साथी हरपाल सिंह और राजेंद्र उसे जंगल में छोड़कर घर वापस चले गए। प्रात: परिजनों को संदीप के साथियों ने उसकी तबियत बिगड़ने की सूचना दी।
संदीप पंवार के परिजन जब घटनास्थल पहुंचे तो वह मृत मिला। सूचना मिलने पर कोटद्वार पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मंडावली थाना क्षेत्र की सीमा होने पर कोटद्वार पुलिस की सूचना पर मंडावली पुलिस घटनास्थल पहुंची। मंडावली के एसआई घनश्याम सिंह वशिष्ठ ने संदीप का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंडावली के थानाध्यक्ष संदीप त्यागी ने बताया कि संदीप सहित उसके तीनों साथी शराब पीने के आदी थे। घूमने के दौरान उन्हें संभवत: शराब पी थी। पुलिस ने प्रथम दृष्टया फूड प्वाइजनिंग होने से संदीप की मौत होने का संदेह व्यक्त किया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के स्थिति स्पष्ट होने की बात कही।