सड़क हादसे में युवक की मौत, दूसरा घायल
मंडावर। ट्रक को ओवरटेक करते समय सामने से आए वाहन को बचाने में बाइक सवार दो युवक ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका मौसेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।
थाना मंडावर के गांव रायपुर बेरीसाल निवासी संदीप और कोतवाली शहर के गांव गजरौलाशिव निवासी 20 वर्षीय सूरज मौसेरे भाई हैं। मंगलवार शाम दोनों बाइक से गजरौलाशिव से मंडावर आ रहे थे। रास्ते में मंडावर बिजलीघर के पास वे सामने चल रहे गन्ने से लदे ट्रक को ओवरटेक करने लगे। इस दौरान सामने से कोई वाहन आ गया। दोनों की टक्कर वाहन से हो गई और वे सड़क पर गिरकर पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक का पहिया दोनों युवकों के ऊपर चढ़ गया। हादसे में सूरज की मौके पर ही मौत हो गई और संदीप बुरी तरह घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया। उसे मंडावर में शहीद इंस्पेक्टर पीतम सिंह द्वारा के पास पकड़ लिया गया। सूरज की मौत होने से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भिजवाया और शव का पंचनामा भरकर कब्जे में ले लिया। दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।