बेगावाला। ग्राम मुजफ्फरपुर केशो निवासी जयचंद (40) पुत्र लक्ष्मण सिंह की शनिवार को मालन नदी में डूबने से मौत हो गई। वह नदी पार करके पशुओं का चारा लेने जंगल गया था। शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश की।
रात को लगभग सात बजे कुछ व्यक्ति मालन नदी पर गए तो उन्हें नदी में एक व्यक्ति का शव मिला। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान जयचंद के रूप में की। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया।
पुलिस रात में ही शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर ले गई। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। जयचंद के पिता लक्ष्मण सिंह के अनुसार उसे करीब 15 वर्षों से दौरे पड़ने की बीमारी थी। उसका किसी से कोई झगड़ा नहीं था। उन्हें लगता है कि उसे दौरा पड़ा होगा और वह नदी में गिर गया होगा। जयचंद की कोई संतान नहीं है।