Young woman sets herself on fire after pouring petrol: बिजनौर जिले में एक युवती ने शहर कोतवाली के भीतर खुद को आग के हवाले कर दिया। यह घटना शनिवार रात करीब 10:51 बजे हुई, जब बिजली गुल होने के कारण कोतवाली में अंधेरा छाया हुआ था। युवती करीब 11 मिनट तक पेट्रोल लेकर घूमती रही और बत्ती गुल होते ही उसने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस की जांच में सामने आया है कि युवती को पेट्रोल उसके सौतेले पिता ने लाकर दिया था।
थाने में वह पर्दा, जिससे बुझाने का प्रयास किया गया।
- फोटो : अमर उजाला
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 10:30 बजे युवती का सौतेला पिता पेट्रोल लेकर पहुंचा था। मौका देखकर उसने 10:41 बजे युवती को पेट्रोल की बोतल थमा दी। युवती ने बोतल को कपड़ों में छिपाया और शहर कोतवाली में पहुंची। गेट के अंदर वाटर कूलर के पास पहुंचने पर, करीब 10:52 बजे, उसने खुद पर पेट्रोल डाला और आग लगा ली। जिस समय उसने यह कदम उठाया, उससे ठीक एक मिनट पहले ही बिजली चली गई थी और कोतवाली में अंधेरा छा गया था। पुलिसकर्मी जेनरेटर चलाने का प्रयास कर ही रहे थे कि युवती को आग की लपटों में घिरा देख हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती आग की लपटों में घिरी हुई कोतवाली के कोतवाल के कार्यालय की ओर दौड़ी। उसने बाहर खड़ी पुलिस की गाड़ी पर हाथ मारा और फिर कार्यालय में घुस गई। अंदर मौजूद थाना प्रभारी और अन्य लोग तुरंत हरकत में आए। कार्यालय के दरवाजों में लगे पर्दों को उखाड़कर युवती पर फेंका गया, लेकिन आग नहीं बुझी। इसके बाद, एक पुलिसकर्मी हवालात की ओर से कंबल लेकर आया और उसे युवती पर डालकर आग बुझाई। इस दौरान युवती की मां भी मौके पर मौजूद थी और चीख-पुकार कर रही थी।
पहले भी किया था आत्मदाह का प्रयास
यह पहली बार नहीं है जब युवती ने ऐसा कदम उठाने की कोशिश की हो। बताया जा रहा है कि कथित प्रेमी से शादी न होने के कारण युवती तनाव में थी और पुलिस कार्रवाई कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। कुछ महीने पहले भी उसने एडीजी कार्यालय, बरेली के बाहर आत्मदाह का प्रयास किया था, लेकिन उस समय सतर्कता के चलते उसकी कोशिश नाकाम हो गई थी।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज, चाचा गिरफ्तार
पीड़िता की मां की शिकायत पर आरोपी सौरभ सहित परिवार के छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने सौरभ के चाचा कलवा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। युवती की मां ने आरोप लगाया है कि स्वाहेड़ी निवासी सौरभ ने उसकी बेटी को शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए थे, जिसकी रिपोर्ट पहले ही दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि सौरभ आए दिन उसकी बेटी को फोन करके गाली-गलौज करता था। इसके अलावा, सौरभ के भाई गौरव, पिता संजू उर्फ संजय, मां मनोज, चाचा कलवा और भाभी बीनू पर भी युवती को मानसिक रूप से परेशान करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। उल्लेखनीय है कि सौरभ और उसका बड़ा भाई गौरव दोनों आर्मी में जवान हैं और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं।
फरियादियों ने भी किया सहयोग
जब युवती आग लगाकर कार्यालय में घुसी, तो उस समय वहां कुछ फरियादी भी मौजूद थे, जिनमें एक गांव के प्रधान भी शामिल थे। पुलिसकर्मियों के साथ-साथ इन फरियादियों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया। इस दौरान, उक्त प्रधान के हाथ भी झुलस गए और उनके कुर्ते में भी आग लग गई थी।
थाना प्रभारी से हुई थी तीखी बहस
दारानगर के ग्राम प्रधान जाकिर अहमद के अनुसार, वे किसी काम से शहर कोतवाली गए थे, जहां युवती अपनी मां के साथ मौजूद थी। युवती ने थाना प्रभारी के साथ तीखी बहस की और कहा कि "यह कुर्सी छोड़ दो"। इसके बाद वह गुस्से में कार्यालय से बाहर निकल गई, जबकि उसकी मां वहीं बैठी रही। कुछ देर बाद जब वह कार्यालय में लौटी, तो उसने खुद को आग लगा ली थी।
ये भी देखें...
Bijnor: हरिद्वार में गंगा में नहाते समय युवक डूबा, शोर मचाते रह गए परिजन, तलाश में जुटे गोताखोर; सुराग नहीं