काम की तलाश में दो माह पूर्व कनाडा गया था कल्लूवाला निवासी आकाशदीप
नहीं मिला काम तो घरवालों ने बुलाया लिया था वापस
संवाद न्यूज एजेंसी
रेहड़ (बिजनौर)। काम की तलाश में कनाडा गया युवक बृहस्पतिवार को घर लौटा आया। मगर, कुछ देर बाद ही उसकी ह्रदय गति रुकने से मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
कल्लूवाला निवासी आकाशदीप (23) पुत्र गुरवेंद्र सिंह दो माह पूर्व काम के सिलसिले में कनाडा गया था। आकाशदीप कुछ समय से रीढ़ की हड्डी में परेशानी महसूस कर रहा था। उसे कनाडा में कोई काम भी नहीं मिल पाया। इसके चलते परिजनों ने उसे वापस बुला लिया, ताकि उसका इलाज कराया जा सके। बृहस्पतिवार को आकाशदीप कनाडा से लौटा था। ताऊ जसवेंद्र सिंह उसे दिल्ली एयरपोर्ट से लाए थे। आकाशदीप के पिता अमरावती महाराष्ट्र में काम कारोबार करते है।
घर आने के बाद आकाशदीप सभी से मिला और खाना खाया। खाना खाने के कुछ देर बाद अचानक उसके सीने में दर्द होने लगा। परिजन तत्काल निजी चिकित्सक के पास ले गए। चिकित्सक ने हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी।काशीपुर ले जाते समय आकाशदीप ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने हृदय गति रुकने से मौत होना बताया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।