-सरकार की ओर से 30 नवंबर तक बनवाई जाएंगी पात्र व्यक्तियों की फैमिली आईडी
संवाद न्यूज एजेंसी
धामपुर। किसान सम्मान निधि पाने, विधवा वृद्धा और दिव्यांग पेंशन योजना के तहत पेंशन का लाभ उठाने के लिए अब सभी पात्र व्यक्तियों को नवंबर माह के अंत तक फैमिली आईडी बनवाना जरूरी होगा। जो ऐसा नहीं करेगा, उनकी पेंशन, किसान सम्मान निधि आदि पर रोक लग जाएगी। विकास विभाग की ओर से फैमिली आईडी बनाने को काम प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर चल रहा है। रोजगार और पंचायत सहायकों द्वारा निशुल्क फैमिली आईडी बनाई जा रही है। नवंबर माह के अंत तक यह कार्य होना है ।
नहटौर ब्लॉक के एडीओ आईएसबी दीनदयाल सिंह ने बताया कि सरकार की ओर से भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए फैमिली आईडी बनाने का कार्यक्रम चल रहा है। इसके अंतर्गत जो भी पात्र, सम्मान निधि प्राप्त कर रहे हैं या फिर विधवा, वृद्धा और दिव्यांगजन पेंशन योजना के अंतर्गत पेंशन प्राप्त कर रहे हैं। अब ऐसे सभी व्यक्तियों को फैमिली आईडी बनवानी होगी। जो नवंबर माह के अंत तक फैमिली आईडी नहीं बनवाएंगे, तो उनकी पेंशन, किसान सम्मान निधि रुक जाएगी।
नहटौर ब्लाक में 1378 पात्रों बनवाई फैमिली आईडी
नहटौर ब्लॉक क्षेत्र में करीब 7300 व्यक्ति विधवा, वृद्धा और दिव्यांग योजना के अंतर्गत पेंशन प्राप्त कर रहे हैं। 5483 किसान, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत लाभ प्राप्त कर रहे हैं। इनमें अब तक 1378 व्यक्ति अपनी फैमिली आईडी बनवा चुके हैं। बाकी को जागरूक किया जा रहा है। आईडी बनवाने के लिए केवल संबंधित लोगों को अपना आधार कार्ड और बैंक की किताब की पासबुक की छाया प्रति लेकर जानी है। इसके लिए कोई किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
जिनके पास राशन कार्ड हैं, उन्हें नहीं है आईडी बनवाने की जरूरत
अधिकारियों का कहना है कि जिन लोगों के पास राशन कार्ड है और वह सरकार की खाद्यान्न योजना के अंतर्गत राशन प्राप्त कर रहे हैं, ऐसे लोगों को फैमिली आईडी बनाने की आवश्यकता नहीं है। नहटौर ब्लॉक में 96 ग्राम पंचायत में कुल 236 गांव शामिल हैं। प्रत्येक गांव में यह कार्यक्रम तेजी के साथ चलाया जा रहा है, ताकि सभी लोगों को लाभ मिल सके। कोई भी पात्र व्यक्ति सरकार की योजना के लाभ से वंचित न रह सके।