डेंगू मरीज खोजने पर 200 रुपये मिलेंगे अतिरिक्त
बिजनौर। डेंगू मरीज चिह्नित करने पर अब आशा कार्यकर्ताओं को 200 रुपये का अतिरिक्त भुगतान किया जाएगा। शासन के निर्देश पर इस योजना के अंतर्गत जिले में करीब 3039 आशा कार्यकर्ताओं को लाभ मिलेगा। यह योजना जिले में तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
वर्तमान में संक्रामक रोगों का मौसम चल रहा है। परिवर्तित हो रहे मौसम में सर्दी, खांसी, नजला, जुकाम, वायरल, बुखार, मलेरिया, डेंगू आदि रोगों के होने का खतरा बढ़ गया है। हालांकि जनपद में अब तक सात डेंगू के केस मिल चुके हैं। इनमें चार तो स्वास्थ्यकर्मी और उनके संबंधी भी शामिल हैं। शासन के निर्देश पर एक अक्तूबर से प्रदेश भर में राष्ट्रीय वैक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत संचारी रोग नियंत्रण अभियान-द्वितीय चरण चल रहा है। इसके अंतर्गत स्वास्थ्य टीमें गांव-गांव जाकर संक्रामक रोगियों की खोज कर रही हैं। जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय पहले ही जिला पंचायतराज अधिकारी और नगर पालिकाओं तथा नगर पंचायतों को निर्देशित कर चुके हैं कि वे पूरी गंभीरता से सभी शहरी, नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में फॉगिंग एवं एंटी लार्वा का छिड़काव कराएं। सीएमओ विजय कुमार यादव के अनुसार डेंगू मरीज चिह्नित करने पर आशा कार्यकर्ता को 200 रुपये प्रति मरीज के हिसाब से अतिरिक्त भुगतान होगा। इसके लिए सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देशित कर दिया है।