मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बिजनौर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान गाजियाबाद के सूर्या चौहान हत्याकांड का जिक्र करते हुए कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि दोस्ती के नाम पर हिंसा और छुरेबाजी जैसी घटनाएं किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं हैं।
अपराधी प्रवृत्तियों से सख्ती से निपटना भी आवश्यक
सीएम योगी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अहिंसा और करुणा मानवता के आभूषण हैं, लेकिन समाज और राष्ट्र के सामने दुष्ट एवं अपराधी प्रवृत्तियों से सख्ती से निपटना भी आवश्यक है। भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम के आदर्शों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सज्जनों की रक्षा और दुष्कर्मियों के दमन के लिए दृढ़ता जरूरी है।
देश विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त रुख
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग सामान्य नागरिकों, गरीबों, महिलाओं और समाज की सुरक्षा के लिए खतरा बनते हैं, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने देश विरोधी गतिविधियों में शामिल तत्वों के प्रति भी सख्त रुख अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए कानून का शासन सर्वोपरि है और अपराध और अराजकता फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं तथा दूर-दराज से आए हजारों लोगों ने भाग लिया। सभास्थल के आसपास लंबी दूरी तक वाहनों की कतारें देखी गईं।