पुलिस को चकमा देकर कार्यकर्ता दिल्ली रवाना
हल्दौर। गांव तहारपुर मदद इमाम में राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के जिला महासचिव वेदप्रकाश चौधरी व संगठन के कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने उनके के आवास पर नए कृषि कानून बिलों के विरोध में दिल्ली जाने से रोकने के लिए नजरबंद कर दिया लेकिन कार्यकर्ता पुलिस को चकमा देकर ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर दिल्ली के लिए कूच कर गए।
शनिवार को गांव तहारपुर मदद इमाम में किसान मजदूर संगठन के जिला महासचिव वेदप्रकाश चौधरी के आवास पर किसान एकत्र हुए। सूचना पर पैजनियां चौकी प्रभारी संदीप पंवार पुलिस टीम को लेकर पहुंचे और दिल्ली जाने से रोकने के लिए किसानों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन किसान नहीं माने तो पुलिस ने वेदप्रकाश चौधरी समेत कुछ कार्यकर्ताओं को उनके आवास पर नजरबंद कर दिया। पुलिस उनके गेट पर बैठ गई लेकिन वेद प्रकाश दूसरे गेट से साथियों को साथ लेकर गांव के बाहर खड़ी ट्रैक्टर ट्राली में करीब 300 कार्यकर्ताओं के साथ 26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर रैली में शामिल होने के लिए चले गए। इस अवसर पर हल्दौर ब्लॉक अध्यक्ष राकेश चौधरी, हुकुम सिंह, गोविंद कुमार उर्फ बिट्टू चौधरी, रामनाथ सिंह, महाशय घनश्याम सिंह, हितेंद्र सिंह, ऋषिपाल सिंह, सुखबीर सिंह, सुरजीत सिंह, रघुनाथ सिंह आदि मौजूद रहे।