बढ़ापुर। ग्राम बहेड़ी के समीप खेत में गेहूं की कटाई कर रहे एक मजदूर को गुलदार ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना पाकर पहुंचे वनकर्मियों ने घायल का कस्बे के एक निजी चिकित्सक से उपचार कराया।
कस्बे के मोहल्ला गड़रियान निवासी रामअवतार ग्राम बहेड़ी में कुलवंत सिंह के खेत में गेहूं की कटाई कर रहा था। वहां अचानक आ धमके गुलदार ने रामअवतार पर हमला कर दिया। खेतों में काम कर रहे अन्य मजदूर शोर मचाते हुए वहां पहुंचे। इस पर गुलदार भाग निकला। हमले में मजदूर रामअवतार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी पाकर वनकर्मी वहां पहुंचे और घायल का कस्बे के निजी चिकित्सक से उपचार कराया। गुलदार के हमले को लेकर ग्रामीणों में दहशत है।