अफजलगढ़ क्षेत्र में हो रही बारिश से गेहूं की बोई फसल में भरा पानी।
- फोटो : DHAMPUR
बारिश से कामकाज ठप, किसान परेशान
धामपुर/कादराबाद। सोमवार से हो रही बूंदाबांदी से किसान बुरी तरह त्रस्त हैं। बारिश के चलते गन्ना छिलाई और गेहूं की बुआई बुरी तरह प्रभावित हो गई है। वहीं हाल ही में बुआई वाले गेहूं में भी पानी भरने से नुकसान हो रहा है।
बुुधवार को तीसरे दिन भी सुबह से बूंदाबांदी जारी रही। बारिश की वजह से हर आम व खास परेशान दिखाई दिया। गन्ना छिलाई न होने से किसान मिलों को गन्ना आपूर्ति नहीं कर पा रहे हैं। वहीं गन्ना पैड़ी की छिलाई के बाद गेहूं की बुवाई पूरी तरह से प्रभावित हो गई है। किसानों के खेत खाली पड़े हैं। लेकिन बारिश की वजह से गेहूं की बुवाई नहीं पा रही है। बारिश की वजह से हाल में बुआई वाले गेहूूूं के खेतों में पानी भर गया है। वहीं बारिश ने तिहलन की फसलों को भी नुकसान पहुंचाने का काम किया है। हालांकि अगेती गेहूं की फसल के लिए हल्की बारिश वरदान साबित हो रही है। बारिश की वजह से बाजारों में सन्नाटा पसरा है। दिहाड़ी मजदूरों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा हैै। किसान राजवीर, मोहम्मद इकबाल, त्रिलोचन, धर्मपाल, मोहसीन आदि ने बताया कि बारिश से राहत कम नुकसान ज्यादा हो रहा है। अगेती गेहूं को ही फायदा पहुंच रहा है। गन्ने की छिलाई बंद हो गई है और गेहूं की पछेती बुआई भी नहीं हो पा रही है।