धामपुर के गांव सलाराबाद में सिथत शराब की दुकान को हटाने की मांग को लेकर मार्ग जाम कर प्रदर्शन करत?
- फोटो : DHAMPUR
शराब की दुकान हटाने को लेकर महिलाओं ने किया प्रदर्शन
धामपुर। शराब की दुकान को गांव सलाराबाद से हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने विधायक के पैतृक गांव जाने वाले ठाठजट मार्ग को जाम कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आक्रोश देख दुकान का सेल्समैन भाग गया। चेताया कि जब तक दुकान नहीं हटेगी तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
गांव ललित कुमार, करन सिंह, देशराज सिंह, कविता रानी, सरोज आदि का कहना है कि जब से गांव में शराब की दुकान खुली है। गांव के युवा वर्ग बर्बाद हो रहे हैं। शाम ढलते ही शराब की लत पड़ने पर वह घर की महिलाओं और बुजुर्ग लोगों के साथ मारपीट करते है। घर के बर्तन भांडे बेचने शुरू कर दिए हैं। तीन दिन पहले गांव के लोगों की ओर से एसडीएम धीरेंद्र सिंह को दुकान हटाने को लेकर ज्ञापन दिया गया था। पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अब ग्रामीणों ने दुकान को यहां से बंद कराने का जिम्मा स्वयं ले लिया है। प्रदेश के सीएम को भी ज्ञापन प्रेषित कर दुकान हटाने की मांग की है। एसडीएम धीरेंद्र सिंह का कहना है कि ग्रामीणों ने ज्ञापन दिया था। उनके स्तर से आबकारी विभाग के निरीक्षक को जांचकर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। कार्रवाई तो आबकारी विभाग को ही करनी है। आबकारी विभाग के निरीक्षक से संपर्क नहीं हो सका है।
प्रदर्शन खत्म कर विधायक से मिले ग्रामीण
शाम को प्रदर्शन खत्म करने के बाद ग्रामीण विधायक अशोक राणा से मिलने उनके आवास पर पहुंचे और शराब की दुकान बंद करवाने की मांग की है। विधायक ने उनकी समस्या को सुन निदान का भरोसा दिया है। ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर अभद्रता करने का भी आरोप लगा कार्रवाई की मांग की है। इस मौके पर दारा सिंह, पवन कुमार, मुकेश राणा, चंद्रपाल सिंह, नवनीत सोनू आदि मौजूद रहे।