नगीना। महिलाओं ने ग्राम कालाखेड़ी से देसी शराब का ठेका हटवाने की मांग को लेकर तहसील परिसर में जमकर हंगामा किया। महिलाओं की भीड़ देख तहसीलदार को पुलिस बुलानी पड़ी। महिलाओं को किसी तरह समझा-बुझा कर शांत कर घर भेजा गया।
विज्ञापन
20 मार्च को गांव कालाखेड़ी व आसपास के गांवों की सैकड़ों महिलाओं ने एसडीएम कार्यालय प्रदर्शन कर गांव से देसी शराब की दुकान हटवाने की मांग की थी। महिलाओं का कहना था कि गांव के मुख्य मार्ग पर देसी शराब की दुकान है। यहां पर शराबियों द्वारा गांव की महिलाओं व स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं के साथ छेड़खानी व बदसलूकी की जाती है।
महिलाओं का आरोप है कि पांच दिन बीत जाने के बाद भी प्रशासन ने गांव से ठेका नहीं हटवाया। मंगलवार को महिलाएं तहसील पहुंच गईं। उन्होंने कहा कि उनकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। काफी देर तक महिलाओं का हंगामा चला। रेनू, पिंकी, उपासना, रामवती, कल्लो देवी, रिंकी कौर, सीमा देवी, कामिनी रीता, बबीता, संगीता आदि मौजूद रहीं।