नहटौर में बुखार से पीड़ित एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। बुखार से मौतों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। अब तक 13 मौत होने से लोगों में दहशत फैली हुई है।
गांव कश्मीरी निवासी मो. उस्मान की पुत्री कमरजहां(27) अपने तीन बच्चे के साथ मायके में रह रही थी। पिछले एक सप्ताह से उसे बुखार आने पर उसे निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान बृहस्पतिवार को उसकी मौत हो गई। गांव नंहेणा में भूरे सिंह, बच्ची अन्नु, बल्लाशेरपुर की महिला फरहाना, ढ़कौली में महिला सर्वेश देवी, बच्ची नंदनी, मेहरअलीपुर के यशपाल सिंह, ढ़कोला के सीताराम सिंह, जरीफपुर चतर में बच्ची शिफा, नहटौर के मुहल्ला शीशग्रान में पांच वर्षीय इलमा, ईदगाह में जैबा और मोहल्ला होलीयान की महिला कमला सैनी की बुखार से मौत हो चुकी है।
चिकित्सा प्रभारी जीबी कटारिया का कहना है कि बुखार आने पर खून की जांच कराएं। सीएचसी में उपचार की व्यवस्था है। सीएमओ डा. मनमोहन अग्रवाल का कहना है कि इस बार वायरल बुखार कुछ अधिक ही फैला है। बुखार को लेकर सचेत रहे। झोलाछाप चिकित्सकों से उपचार न कराएं।