बिजनौर के स्योहारा में किसी वाहन की टक्कर लगने से बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए ले जाते समय महिला ने रास्ते में दम तोड़ दिया, जबकि उसके पति को मुरादाबाद में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया।
लाइनपार मोहल्ला फैजुल्लापुर निवासी महावीर सिंह (50 ) मुकरपुरी में प्राइमरी पाठशाला में अध्यापक हैं। उनकी बेटी दीपक्षिका की शादी 18 अप्रैल को होनी है। इसके लिए वो अपनी पत्नी रंजना 48 वर्ष के साथ काशीपुर कार्ड बांटने गए थे। मंगलवार को महावीर सिंह पत्नी के साथ बाइक से काशीपुर से वापस स्योहारा आ रहे थे।
ठाकुरद्वारा मार्ग पर मंडप के सामने किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सामुदायिक केंद्र लाया गया। यहां से गंभीर हालत को देखते हुए मुरादाबाद रेफर किया गया। मुरादाबाद ले जाते हुए रंजना ने दम तोड़ दिया।