नजीबाबाद के महिला चिकित्सालय में भर्ती जच्चा-बच्चा।
- फोटो : NAZIBABAD
चलती ट्रेन में महिला ने बेटी को दिया जन्म
नजीबाबाद। चलती ट्रेन में बिहार की एक महिला ने बेटी को जन्म दिया। कोलकाता से अमृतसर जा रही रनथ्रू दुर्गियाना एक्सप्रेस ट्रेन को नजीबाबाद स्टेशन पर रोककर जच्चा-बच्चा को राजकीय महिला चिकित्सालय भर्ती कराया गया।
कोलकाता से अमृतसर जा रही रनथ्रू एक्सप्रेस में सहरसा बिहार निवासी एक महिला को प्रसव पीड़ा हुई। मुरादाबाद से लक्सर दिशा के लिए रनथ्रू एक्सप्रेस जब तक नजीबाबाद स्टेशन क्षेत्र पहुंची तब तक स्लीपर क्लास में ही महिला ने बेटी को जन्म दिया। ट्रेन में सफर कर रहीं यात्री महिलाओं ने प्रसव के दौरान मदद की। मुरादाबाद कंट्रोल की सूचना पर नजीबाबाद स्टेशन पर स्टॉपेज न होने के बावजूद दुर्गियाना एक्सप्रेस को रोका गया। रेलवे चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार, आरपीएफ के एएसआई पवन मौर्य, राजीव कुमार, टीसी तरन्नुम परवीन, शिखा आदि ने महिला को नजीबाबाद रेलवे स्टेशन पर उतारकर एंबुलेंस के माध्यम से राजकीय महिला चिकित्सालय नजीबाबाद में भर्ती कराया। चिकित्सा प्रभारी डॉ. कुमुद ने बताया कि ट्रेन में प्रसव उपरांत चिकित्सालय में भर्ती बिहार निवासी महिला शोभा और उसकी नवजात बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है।