तिरंगा और भगवा ध्वज के साथ कांवड़ियों ने लगाए शिव जयकारे
मंडावली/नजीबाबाद। सावन के दूसरे सोमवार को स्वयंभू सिद्धपीठ मोटा महादेव मंदिर पर बड़ी संख्या में शिवभक्तों और कांवड़ियों ने जलाभिषेक किया। डीएम और एसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कांवड़ियों का स्वागत करते हुए उन्हें सुरक्षित गंतव्य के लिए रवाना कराया। एसपी सिटी की ओर से मोटा महादेव मंदिर पर शिवभक्तों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
सावन माह की शिवरात्रि पर सोमवार को असंख्य कांवड़ियों ने डाक कांवड़ के साथ मोटा महादेव होते हुए गंतव्य के लिए कूच किया। चौपहिया और दोपहिया वाहनों पर तिरंगा और भगवा झंडा लिए कांवड़िये जयकारों के साथ क्षेत्र से गुजरे।
मोटा महादेव मंदिर पर डीएम उमेश मिश्रा, एसपी दिनेश सिंह, एडीएम विनय कुमार, एसपी सिटी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह, एसडीएम विजय वर्धन तोमर, सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने कैंप कर जलाभिषेक के लिए पहुंचे कांवड़ियों का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया। बड़ी संख्या में कांवड़ियों ने मोटा महादेव मंदिर पर प्रथम जलाभिषेक किया।
मोटा महादेव मंदिर पर सामूहिक भंडारा आयोजित
नजीबाबाद। एसपी सिटी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था के दायित्व निर्वाह के साथ मोटा महादेव मंदिर पहुंचने वाले शिवभक्तों के लिए सामूहिक भंडारे का आयोजन किया। जिले के आला अधिकारियों के सहित उत्तम शुगर मिल के प्रबंधक नरपत सिंह, ब्लॉक प्रमुख तपराज सिंह, पूर्व चेयरमैन मोअज्जम खां एड., डॉ. राजीव अरोड़ा, आकाश कान्हा कर्णवाल, यूनुस कुरैशी, प्रदीप डेजी, राजीव गुप्ता, दिनेश खन्ना, चौ. ईशम सिंह, सुभाष त्यागी, रितेश सैन, कामेंद्र तोमर सहित अनेक समाजसेवी उपस्थित रहे।
ट्रेनों में भी सवार रहे शिवभक्त
नजीबाबाद। अनेक शिवभक्त रेल मार्ग से भी कांवड़ यात्रा पर निकले। हरिद्वार दिशा से मुरादाबाद दिशा जाने वाली लिंक एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों में शिवभक्तों ने भोले के जयकारों के साथ कांवड़ यात्रा की। शिवभक्तों द्वारा ट्रेनों के बाहर कांवड़ बांधने और ट्रेन के डालों पर कांवड़ लेकर खड़े होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
भागूवाला हाइवे से गुजरते शिवभक्त।- फोटो : NAZIBABAD
नजीबाबाद के मोटा महादेव मंदिर पर जलाभिषेक के लिए लाइन में खड़े शिवभक्त।- फोटो : NAZIBABAD
भागूवाला हाइवे से गुजरते कांवड़िये।- फोटो : NAZIBABAD