हर घर में बिजली पहुंचाने का करेंगे काम : अरविंद
रेहड़। एमडी पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम ने गांव हर्रावाला में गांव वालों से सौभाग्य योजना के अंतर्गत विद्युत कनेक्शन लेने का आह्वान किया। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर प्रत्येक घर में बिजली पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर निगम से अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
सोमवार को प्रबंध निदेशक पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड मेरठ अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने क्षेत्र के गांव हर्रावाला का भ्रमण कर गांव वालों से संवाद कर सौभाग्य योजना के अंतर्गत विद्युत कनेक्शन लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनपद में सौभाग्य योजना का लक्ष्य अभी पूरा नहीं हो पाया है। निगम के अधिकारी व कर्मचारी गांवों में भ्रमण कर गांव वालों को कनेक्शन लेने के लिए जागरूक कर रहे हैं। एमडी ने कहा कि हर्रावाला में लगभग सभी घरों में विद्युत कनेक्शन हैं। पूरे गांव में मात्र तीन घरों में कनेक्शन नहीं हैं। उनसे कनेक्शन लेने के लिए कहा गया है। उन्होंने गांव में घूमकर विद्युत लाइन के पुराने तारों के स्थान पर डाले जा रहे केबिल के कार्य को भी देखा। साथ ही कार्यदायी संस्था मैसर्स टाटा प्रोजेक्ट लिमिटेड के कर्मचारियों को भी केबिल बदलने को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस मौके पर एक्सईएन एसके अग्रवाल, एक्सईन अरुण कुमार, एसडीओ दयाशंकर यादव, जेई रणजीत मौर्य एवं कार्यदायी संस्था कर्मचारी भी मौजूद रहे।