आठ जनवरी को नहीं करेंगे दूध, सब्जी और गन्ने की आपूर्ति
बिजनौर। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन की मासिक पंचायत मेें निर्णय किया गया कि विभिन्न मांगो को लेकर आठ जनवरी को दूध, सब्जी और गन्ने की आपूर्ति किसान नहीं करेंगे तथा हर गांव से राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन भेजे जाएंगे।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट परिसर में हुई राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन की पंचायत में पश्चिमी उत्तर प्रदेश महासचिव कैलाश लांबा ने कहा कि बिजनौर, चांदपुर व बिलाई चीनी मिल ने पिछले साल का भुगतान अब तक नहीं किया है। इस साल का भुगतान भी समय से नहीं दिया जा रहा है। जब तक किसानों को शत प्रतिशत भुगतान नहीं मिल जाता तब तक उनकी आरसी नहीं काटी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आठ जनवरी को किसान दूध, गन्ना, सब्जी की आपूर्ति नहीं करेंगे। सभी गांवों से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भेजे जाएंगे। फसलों की आपूर्ति बंद करके भारत बंद किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए बिजली दिन में मिलनी चाहिए। फसल बीमा योजना भी स्वैच्छिक होनी चाहिए। जनपद में गुलदार का आतंक है। गुलदार अब तक पांच लोगों की जान ले चुका है लेकिन जिला प्रशासन सोया हुआ है। गुलदार को जल्दी ही आदमखोर घोषित किया जाए। इस संबंध में डीएम रमाकांत पांडेय को ज्ञापन भी दिया गया। इस दौरान मनीष चौहान, भोले, रामपाल भगत, अंकुर, राजीव कुमार, नरेंद्र ठाकुर, उपेंद्र राठी, गोविंद और ओमपाल सिंह आदि मौजूद रहे।