जंगली हाथी ने हाथीशाला की दीवार गिराई
कालागढ़(बिजनौर)। कालागढ़ में कार्बेट टाइगर रिजर्व के वनों से निकलकर जंगली हाथी ने हाथीशाला के प्रवेश द्वार की दीवार को ध्वस्त कर दिया। गश्ती दल ने फायरिंग कर जंगल की ओर खदेड़ा।
कार्बेट टाइगर रिजर्व के हाथियों का आबादी क्षेत्र में दिनोंदिन हस्तक्षेप बढ़ता जा रहा है। वनों से आने वाले हाथी मुख्य मार्ग से होकर सीमावर्ती खेतों की ओर जाते हैं। एक हाथी सुबह सात बजे कार्बेट टाइगर रिजर्व के पालतू हाथियों की हाथीशाला के निकट पहुंच गया। मुख्य मार्ग को पार कर हाथी ने हाथीशाला के प्रवेश द्वार की दीवार को ध्वस्त कर दिया। वहीं प्रवेश के लिए बने गेट को भी क्षतिग्रस्त कर डाला। हाथीशाला के अंदर मौजूद कर्मचारियों व महावत ने शोरशराबा कर हाथी को अंदर आने से रोकने का प्रयास किया। शोरशराबा सुनकर हाथी वहीं रुक गया। वन दरोगा व हाथीशाला प्रभारी शादाब आलम ने बताया कि लकड़ घाट के गश्ती दल को हाथी के प्रवेश द्वार पर होने की सूचना दी गई। गश्ती दल ने मौके पर पहुंचकर शोरशराबा करते हुए फायरिंग की। हाथी को जंगल में वापस खदेड़ दिया। गेट की मरम्मत शीघ्र ही करा दी जाएगी। यह क्षेत्र वन्यजीवों का विचरण क्षेत्र है। अक्सर यहां वन्य जीव आ जाते हैं। रामगंगा बांध परियोजना के सैडिल बांध पर एक जुलाई को हाथी बांध की रैलिंग को ध्वस्त कर चुके हैं। बांध के सहायक अभियंता मनोज कुमार लिखवा ने बताया कि रेलिंग की मरम्मत कराई जा रही है।