शिवाला कलां (बिजनौर)। गांव सिकंदरपुर में पत्नी के मछली बनाने से इंकार करने पर रिश्तों का खून हो गया। विवाद बढ़ने पर चाचा के गोली चलाने पर भतीजे की मौत हो गई। पुलिस ने चाचा के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
शिवाला कलां थाने के गांव सिकंदरपुर निवासी जोगेंद्र सिंह शराब पीने का आदी है। पुलिस के मुताबिक सोमवार शाम जोगेंद्र घर पर मछली बनवाने के लिए लाया था। उसने पत्नी पूजा से मछली बनाने को कहा। इस पर उसकी पत्नी ने इंकार कर दिया। इस बात पर जोगेंद्र गुस्से में आ गया और अपनी पत्नी के साथ मारपीट करने लगा। यह देख जोगेंद्र का भतीजा अमित और उसकी मां किरन देवी पहुंच गई। दोनों जोगेंद्र को समझाने लगे। इसके बावजूद वह नहीं माना। जोगेंद्र नशे की हालत में घर में रखा तमंचा उठा ले आया और छीना-झपटी में गोली चल गई। गोली लगने से अमित गंभीर रूप से घायल हो गया। अमित को गोली लगने से गांव में सनसनी फैल गई ।
परिजन अमित को उपचार के लिए चिकित्सक के यहां ले गए।
अमित को मेरठ रेफर कर दिया गया। मेरठ में अमित ने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद जोगेंद्र फरार हो गया। अमित की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया। मृतक के भाई सुमित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी जोगेंद्र के विरुद्घ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस जोगेंद्र की तलाश में लगी है।
थानाध्यक्ष सुमन कुमार के मुुताबिक मछली न बनाने पर जोगेंद्र अपनी पत्नी से मारपीट कर रहा था। अमित उसे बचाने आया था। जोगेंद्र के तमंचे से चली गोली से अमित की मौत हो गई।