बिजनौर जिले के गांव स्वाहेड़ी में बरकातपुर शुगर मिल की ओर से आयोजित गोष्ठी में राष्ट्रीय किसान मजदूर पार्टी के बैनरतले किसानों ने गन्ना पर्ची नहीं मिलने की समस्या को प्रमुखता के साथ उठाया।
किसानों ने कहा कि पर्ची ही नहीं मिली तो गन्ना कहां डालेंगे। किसानों को 20 साल से प्रति बीघा पर तीन पर्ची ही दी जा रही है।
किसानों ने सहायक केन आयुक्त सौम्यशील सिंह से बताया कि किसानों को गन्ना पर्चियों के लिए बहुत परेशानी उठानी पड़ती है। एक बीघा पर मिल द्वारा 45 क्विंटल की पर्ची दी जाती है, जबकि उत्पादन कहीं अधिक है। किसान सीजन में तो पर्चियों के लिए परेशान रहते हैं, जबकि मिल बंद होने के समय एक दिन में कई कई पर्चियां भेज दी जाती हैं।
किसानों ने पर्ची बढ़वाने, मिल के बजाए सोसायटी से पर्चियां दिलाने, बेसिक कोटे से अधिक गन्ना होने पर किसानों का गन्ना बिकवाने की व्यवस्था कराने की मांग की। मिल के रीजनल केन डेवलपमेंट आफिसर सहदेव ने समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया। सहायक चीनी आयुक्त सौम्यशील सिंह ने स्वाहेड़ी क्षेत्र में काउंसलिंग कराकर उत्पादन बढ़वाने को कहा। इस दौरान खांडसारी अधिकारी रामनारायण व देवेंद्र मौर्य, राष्ट्रीय किसान मजदूर पार्टी के जिला महासचिव विनोद कुमार, अमृतपाल सिंह, राजेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।