बिजनौर जिले के गांव रवाना शिकारपुर में पिछले 10 दिनों में बुखार के कारण नौ लोगों की मौत हो चुकी है। पूरे गांव में हर घर में कोई न कोई सदस्य बीमार पड़ा है।
मंगलवार को स्योहारा के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल दिवाकर के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डोर टू डोर जाकर मरीजों की जांच की और उन्हें दवाईयां वितरित कीं।
बुढ़नपुर ब्लॉक के गांव रवाना शिकारपुर में पिछले 15 दिन से बुखार ने कहर बरपा रखा है। पिछले 10 दिनों में असद, शफीक, अंशु, रोशनजहां, सुमायला, नजरे हसन, हसीना, अनीसा, अदीबा आदि नौ व्यक्तियों की बुखार की चपेट में आकर मौत हो चुकी हैं। इसके अलावा विनोद देवी, शहाना खातून, कुमेश, अफरोज, नासिर, हारुन, धर्मपाल, यूसुफ, गुलफान, शफीक, ममता दिलाबर आदि सैकड़ों ग्रामीण बुखार से पीड़ित हैं। कई ग्रामीण दिल्ली व मुरादाबाद के अस्पतालों में भर्ती हैं, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। बुखार से रोजाना गांव में हो रही मौतों से ग्रामीण बुरी तरह भयभीत हैं। गांव के हर परिवार में कोई न कोई सदस्य बुखार से पीड़ित है। बुखार से हुई मौतों के बाद स्वास्थ्य विभाग को गांव की सुध आई।