नगीना। शहर में भव्य झांकियों के साथ रामडोल का जुलूस भव्य तरीके से निकाला गया। जुलूस में चार झांकियां, भगवान श्री कृष्ण का डोला, नौ अखाड़े व एक बैंड शामिल रहा। भजनों पर श्रद्धालु जमकर नाचे। इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।
रविवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे रामडोल जुलूस में शामिल होने वाली चार झांकियां बड़ा मंदिर श्री मुक्तेश्वर नाथ कमेटी के अध्यक्ष साहू सलिल अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, साहू कपिल अग्रवाल, सौरभ मित्तल आदि के नेतृत्व में बड़ा मंदिर मुक्तेश्वरनाथ के बाहर पहुंची। पालिका कार्यालय के सामने से सैनी समाज का अखाड़ा झांकियों में शामिल हुआ।
बड़ा मंदिर से अन्य मोहल्लों से आए आठ अखाड़े शामिल हुए। मुख्य पुजारी डॉ. विपिन चंद्र त्रिपाठी ने हवन-पूजन के बाद अखाड़ों के उस्ताद व खलीफाओं को तिलक लगाकर रवाना किया। रामडोल जुलूस में अखाड़ों व झांकियों के बाद अंत में भगवान श्री कृष्ण का भव्य डोला चल रहा था। थाने के मुख्य द्वार पर पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों, भाजपा नेताओं ने अखाड़ों के खलीफाओं के उस्तादों को पगड़ी बांधकर व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्राचीन ब्राह्मणी वाला तालाब में पुजारी पंडित विपिन चंद्र त्रिपाठी ने भगवान श्री कृष्ण के कपड़े धोने की रस्म पूरी की। जुलूस देर रात तक निकाला गया तथा बढ़ापुर रोड स्थित श्रीकृष्ण गोशाला पहुंचकर संपन्न हुआ। राजकुमार विश्नोई, सचिन विश्नोई, मोहित गोयल, आलोक चौधरी, ट्विंकल अग्रवाल, सभासद गोपाल शर्मा आदि का सहयोग रहा।
n जुलूस को लेकर चाक-चौबंद रही व्यवस्था : रामडोल जुलूस को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। एएसपी (देहात) विनय कुमार, एएसपी सिटी संजीव वाजपेयी, एसडीएम आशुतोष जैसवाल, सीओ डॉ. अंजनी कुमार चतुर्वेदी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाले थे। भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री अनूप बाल्मीकि, प्रमोद चौहान, अजीत अग्रवाल, पंडित सचिन शर्मा, बर्फानी सेवा समिति के अध्यक्ष शीतांशु अग्रवाल, नीरज बिश्रोई, डॉ. भूपेश चौहान, शेख जमशेद आदि गण्यमान्य जुलूस के साथ चल रहे थे।
नगीना में रामडोल जुलूस में शामिल झांकी। संवाद