गेहूं की खरीद करेगा खाद्य आपूर्ति निगम
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि सभी क्रय केंद्र प्रभारी निर्धारित समय तक क्रय केंद्रों पर उपस्थित रहकर पूर्ण पारदर्शिता, विश्वसनीयता के साथ किसानों से गेहूं खरीद करें। सभी केंद्रों पर एक अप्रैल से गेहूं खरीद आरंभ हो जाए। खाद्य विभाग के पीसीएफ एवं नैफेड के क्रय अधिकारियों से भी पूरी गंभीरता और निष्ठा के साथ क्रय केंद्रों को संचालित करने को कहा।
यह निर्देश जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने बुधवार को कलक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में हुई बैठक में दिए। कहा कि जिले के वास्तविक किसानों से खरीद हो, बिचौलियों से बचे। शासन से संचालित गेहूं खरीद योजना का किसानों को भरपूर लाभ प्राप्त कराएं।
बचौलियों पर कड़ी निगाह रखें। यदि वह किसानों को बहकाते हुए प्रकाश में आए, तो उनके विरुद्ध कार्रवाई करें। क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि अपने क्षेत्र के किसानों से व्यक्तिगत संपर्क करते हुए उनके पंजीकरण की प्रगति बढ़ाएं। क्रय केंद्रों पर ज्यादा से ज्यादा गेहूं लाने के लिए प्रेरित करें।
गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2125 क्विंटल निर्धारित
शासन से रबी विपणन वर्ष 2023-24 में गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2125 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया। खाद्य विभाग की विपणन शाखा एवं पीसीएफ के सभी 41 केंद्रों पर एक अप्रैल 2023 से क्रियाशील हो जाएंगे। डीएम ने सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि गेहूं खरीद के लिए क्रय केंद्रों पर सभी आवश्यक उपकरणों जैसे इलेक्ट्रॉनिक कांटे, नमी मापक यंत्र, विनोइंग फैन एवं छलना तथा पर्याप्त संख्या में बोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करें।
केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में भंडारण स्थान करें सुनिश्चित
एडीएम (प्रशासन), प्रभारी अधिकारी (गेहूं खरीद) विनय कुमार सिंह ने केंद्र प्रभारियों को केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में भंडारण स्थान सुनिश्चित करें। कहा कि जिन केंद्रों पर भंडारण स्थान आपेक्षाकृत कम हैं। ऐसे केंद्रों को चिह्नित करते हुए क्रय किए गए गेहूं के उठान के लिए विशेष ध्यान दिए जाने के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/प्रभारी अधिकारी विनय कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी अवधेश मिश्र, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, समस्त मंडी सचिव, केंद्र प्रभारी, एएमओ धामपुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।