व्हाट्सएप कॉल कर मांगी चार लाख की रंगदारी
अफजलगढ़। नगर में कंप्यूटर सेंटर चलाने वाले से चार लाख रुपये की मांग की गई। न देने पर फोटो वायरल करने का आरोप लगाया है। पुलिस को नामजद तहरीर सौंप कर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला गौहरअली खां निवासी विभोर गोयल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह कंप्यूटर सेंटर चलाता है। तहरीर में बताया कि उसकी दुकान पर काम करने वाले गांव भागीजोत निवासी मुकुल व मनोज ने उसकी पत्नी निति गोयल के व्हाट्सएप पर विडियो कॉल कर चार लाख रुपये की मांग की है। पैसे न देने पर कंप्यूटर संचालक व एक अन्य लड़की के फोटो वायरल कर देने की धमकी दी है। पीड़ित ने दुकान पर काम करने वाले दोनों युवकों पर शक जताते हुए पुलिस को नामजद तहरीर सौंप कर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल नरेश कुमार ने बताया कि आरोपी युवकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।