ट्रॉली चुराने गए थे, ट्रैक्टर छोड़कर भाग आए चोर
नूरपुर (बिजनौर)। ट्रैक्टर लेकर जनपद रामपुर के टांडा दढ़ियाल में ट्रॉली चोरी करने पहुंचे बदमाश ग्रामीणों द्वारा घेर लिए जाने पर ट्रैक्टर वहीं छोड़कर भाग आए। चोरों ने नूरपुर पुलिस को ट्रैक्टर लूटे जाने की झूठी सूचना दे दी। सच्चाई का पता लगने पर पुलिस ने ट्रैक्टर स्वामी सहित दो युवकों को पकड़कर रामपुर पुलिस को सौंप दिया।
गांव पूरनपुर नंगला निवासी सुमित कुमार ट्रैक्टर ट्रॉली से मिट्टी भराव का काम करता है। मंगलवार रात वह कुछ साथियों के साथ अपना ट्रैक्टर लेकर जनपद रामपुर के थाना टांडा दढ़ियाल के गांव फत्तेपुर पहुंचा और वहां सड़क किनारे खड़ी एक ट्रॉली को ट्रैक्टर में जोड़ लिया। इस दौरान आहट होने पर ट्रॉली स्वामी की आंख खुल गई और उसने शोर मचा दिया। शोर होने पर अपने को ग्रामीणों से घिरता देखकर सुमित ट्रैक्टर व उसमें जुड़ी ट्रॉली वहीं छोड़कर साथियों के साथ भागकर घर पहुंच गया।
बुधवार सुबह उसने नूरपुर पुलिस को गांव सैदपुर के पास बदमाशों द्वारा नशा सुंघाकर ट्रैक्टर लूटे जाने की सूचना दे दी। ट्रैक्टर लूट की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने उसे साथ लेकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, लेकिन उसमें कुछ नहीं मिला। शक होने पर पुलिस ने सुमित से सख्ती से पूछताछ की तो उसने सच्चाई बता दी। पुलिस ने उसके साथ चोरी करने गए एक अन्य युवक को भी पकड़कर रामपुर की टांडा पुलिस को सौंप दिया। टांडा के प्रभारी निरीक्षक परवेज कुमार चौहान ने बताया कि उनके क्षेत्र में ट्रॉली चोरी का प्रयास हुआ था। चोर अपना ट्रैक्टर छोड़कर भाग गए थे। इस मामले में नूरपुर थाना क्षेत्र के कुछ युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
दो घंटे में हो गया घटना का खुलासा
ट्रैक्टर लूट की झूठी सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मात्र दो घंटे में मामले का खुलासा कर दिया। सूचना मिलते ही दौलतपुर चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार नैन पुलिस टीम के साथ जांच में जुट गए। उन्होंने सैदपुर चौराहे पर कई दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली लेकिन, सुमित उसमें ट्रैक्टर ले जाता कहीं दिखाई नहीं दिया। शक होने पर जन पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की तो उसने सच्चाई बता दी।