क्रय केंद्र पर सात दिन से तौल बंद
बिजनौर। भाकियू प्रतिनिधि मंडल ने गंज दारानगर स्थित क्रय केंद्र का निरीक्षण किया तो वहां तौल सात दिन से बंद मिली। बंदर गेहूं की बोरी फाड़कर नुकसान कर रहे हैं और किसान रात को ट्रैक्टर के पास ही सोने को मजबूर हैं। किसान नेताओं ने व्यवस्था में सुधार न होने पर थानों, तहसीलों व डीएम कार्यालय में गेहूं की तौल कराने की बात कही है।
भाकियू के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह बृहस्पतिवार को पदाधिकारियों के साथ गंजदारानगर में बने सरकारी क्रय केंद्र पर पहुंचे। वहां गेहूं से भरी 20 से ज्यादा ट्रैक्टर ट्राली खड़ी मिलीं। दिगंबर सिंह ने बताया कि जिले के 48 में से 30 क्रय केंद्रों पर एक सप्ताह से तौल नहीं हो रही है। गंज में किसानों की गेहूं की बोरी बंदर फाड़ रहे हैं। किसान अपने ट्रैक्टर ट्राली और गेहूं की रखवाली के लिए क्रय केंद्र पर ही सो रहे हैं। क्रय केंद्र में बारदाना नहीं है। हल्दौर मंडी समिति में बने क्रय केंद्र पर कई दिन बाद बृहस्पतिवार को ही तोल हुई। दिगंबर सिंह ने बताया कि क्रय केंद्रों पर गेहूं बेचना किसानों के लिए जंग जीतने जैसा हो गया है। अगर एक दो दिन में ही सुधार नहीं हुआ तो सरकारी कार्यालयों में तोल कराई जाएगी। इस दौरान उनके साथ मंडल उपाध्यक्ष अतुल कुमार, कुलवीर सिंह, शंकर सिंह आदि मौजूद रहे।