संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। शादी का सीजन चल रहा है। विवाह समारोह की वजह से बाजार भी गुलजार हैं। खरीदारी अच्छी होने से दुकानदारों के चेहरे भी खिले हुए हैं। युवाओं को जवाहर कट सूट, रफटफ कपड़े अधिक पसंद आ रहे हैं। वहीं, महिलाएं बनारसी सिल्क, गोल्डन क्रश जैसी वैरायटी की साड़ी खरीद रही हैं।
जिले में शादी की शहनाई बज रही है। घर से लेकर बाजार तक में शादी का उत्साह नजर आया। बाजार में कपड़े, बर्तन, आभूषण खरीदारी करने के लिए ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। खरीदारी अच्छी होने से दुकानदार भी उत्साहित हैं। नए और अलग-अलग डिजाइन के कपड़े बाजार की रौनक बढ़ा रहे हैं। युवा जींस शर्ट, ब्लेजर, स्वेट शर्ट, कोट-पेंट ज्यादा खरीद रहे हैं।
इसके अलावा महिलाएं बंधेज जयपुरी, घटचोला, बनारसी सिल्क, फैंडी शिफॉन, गोल्डन क्रश आदि वैरायटी की साड़ी की अधिक मांग कर रही हैं। साथ ही गर्म कपड़ों में शूट, कार्डिगन, शॉल की भी खूब मांग है। लड़कियां लहंगा चुनरी को खासा पसंद कर रही हैं। कपड़ा व्यापारी देवेश अग्रवाल का कहना है कि शादी के सीजन में साड़ियों की खूब बिक्री हो रही है। महिलाओं की पसंद का पूरा ख्याल रखा है।