बिजनौर में चीनी मिल अफसरों की बैठक लेते डीएम रमाकांत पांडेय।
- फोटो : BIJNOR
वेब ग्रुप की मिलों को लगाई फटकार
बिजनौर। प्रशासन की सख्ती के बाद भी वेब ग्रुप की बिजनौर व चांदपुर चीनी मिल ने पिछले सप्ताह किसानों को फूटी कौड़ी का भुगतान नहीं किया। डीएम ने मिल अफसरों को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी। किसानों का गन्ना भुगतान समय से करने के सख्त निर्देश दिए।
धामपुर मिल ने पिछले सप्ताह दस करोड़ के लक्ष्य के सापेक्ष 11.37, स्योहारा ने पांच के सापेक्ष 3.38, बिलाई ने दस के मुकाबले 12.75, बहादरपुर ने पांच के मुकाबले 5.02, बरकातपुर मिल ने पांच के मुकाले 4.23, बुंदकी ने पांच के सापेक्ष 5.75 करोड़ का भुगतान किया। चांदपुर व बिजनौर मिल ने बिल्कुल भी भुगतान नहीं किया। 52 करोड़ के भुगतान लक्ष्य के सापेक्ष 42.47 करोड़ का भुगतान हुआ। अगले सप्ताह धामपुर मिल को 20, बिलाई व बुंदकी मिल को दस-दस तथा बाकी चीनी मिलों को पांच पांच करोड़ के भुगतान का लक्ष्य दिया गया। डीएम रमाकांत पांडेय ने समीक्षा बैठक में कहा कि मिलों का यह रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हर मिल समय से भुगतान करें। भुगतान न करने वाली मिलों के अफसर प्रशासन की कार्रवाई के लिए तैयार रहें। अगला पेराई सीजन शुरू होने वाला है। चीनी मिल मरम्मत कार्य में तेजी लाएं और समय से मिल चलाएं। इस दौरान जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह समेत मिलों के अफसर मौजूद रहे।