बिजनौर जिले में तीन दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। वहीं, बुधवार को बारिश के साथ जमकर ओले भी पड़े। ओले पड़ने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गईं हैं। वहीं, शहर में तीन दिन से लगातार हो रही बारिश ने 30 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
बताया गया कि अफजलगढ़, शिवाला कलां, नूरपुर क्षेत्र के गांव लिंडरपुर, जफराबाद, सुनगढ़ में भी बारिश के साथ जमकर ओले पड़े हैं। बारिश और ओले पड़ने से गेहूं और आम की फसल को भारी नुकसान पहुंच रहा है।
नूरपुर क्षेत्र के गांव लिंडरपुर, जफराबाद, सुनगढ़ में करीब आधा घंटा जमकर ओले पड़े। इस दौरान घरों के आंगन में बर्फ का ढेर लग गया, जिसे देख लगा कि मानों बर्फ ही जम गई हो। कुछ देर बाद ओले पिघलकर पानी में तब्दील हो गए। वहीं, ओले पड़ने से आम के पेड़ से बौर टूटकर नीचे गिर गया है। इसके अलावा ओले से आम पर दाग लगने की भी संभावना है।
बताया गया कि अफजलगढ़ क्षेत्र में भी दोपहर करीब एक बजे बारिश के साथ ओले पड़े। यहां करीब 10 मिनट तक ओले पड़े। वहीं किसान मदन राणा, चौधरी विजेंद्र सिंह, रामकरण सिंह, अंकित व विजयपाल आदि का कहना है कि बारिश अधिक होने से गन्ना अंकुरित ही नहीं होगा।